NEET PG 2026 परीक्षा देने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों के लिए उस वक्त परेशानी भरा हो गया, जब जयपुर के सितापुरा स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के चलते परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। कंप्यूटर सिस्टम और बिजली की समस्या के कारण अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामला बढ़ने के बाद अब NBEMS ने प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। आगे पढ़ें पूरी खबर..

परीक्षा के बीच बार-बार आई तकनीकी दिक्कत
NEET PG 2026 की परीक्षा रविवार को देशभर में आयोजित की गई थी। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित थी। लेकिन जयपुर के सितापुरा स्थित दो केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति में समस्या आने के कारण कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रभावित हुई।
NBEMS के मुताबिक, इन दोनों केंद्रों पर 2,445 अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। प्रभावित केंद्रों के नंबर 41682 और 41683 बताए गए हैं।
कभी सिस्टम चला तो कभी हो गया बंद
परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों ने तकनीकी समस्या को लेकर नाराजगी जताई। कुछ छात्रों के मुताबिक, कंप्यूटर सिस्टम बार-बार बंद हो रहा था और परीक्षा सामान्य तरीके से आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
एक अभ्यर्थी ने बताया कि करीब दो घंटे में परीक्षा कई बार शुरू हुई और फिर बंद हो गई। इससे छात्रों में तनाव और गुस्सा बढ़ गया। परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने विरोध भी किया।
देशभर में 2.73 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी थे रजिस्टर्ड
NEET PG 2026 परीक्षा के लिए देशभर में 2,73,096 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षा 1,111 केंद्रों पर 339 शहरों में आयोजित की गई।
इनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और करीब 2,63,535 अभ्यर्थियों की परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी हुई। हालांकि जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण 2,445 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी।
अब 5 सितंबर को फिर देना होगा NEET PG
अभ्यर्थियों की परेशानी को देखते हुए NBEMS ने प्रभावित छात्रों के लिए री-एग्जाम की तारीख घोषित कर दी है।
जानकारी के मुताबिक:
री-एग्जाम की तारीख: 5 सितंबर 2026
समय: दोपहर 3 बजे
स्थान: जयपुर
किसके लिए: सितापुरा के प्रभावित 2,445 अभ्यर्थी
री-एग्जाम सेंटर की विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। प्रभावित उम्मीदवारों के लिए संशोधित एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे।
NBEMS ने जताया खेद
तकनीकी समस्या के बाद NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई परेशानी पर खेद जताया है। बोर्ड ने कहा कि प्रभावित उम्मीदवारों को NEET PG 2026 में निष्पक्ष और समान अवसर देने के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया गया है।
छात्रों के सामने अब नई परीक्षा की चुनौती
NEET PG जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए अभ्यर्थी लंबे समय से तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी होने से छात्रों की चिंता बढ़ गई है। अब प्रभावित 2,445 अभ्यर्थियों को 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा देनी होगी।
री-एग्जाम से छात्रों को परीक्षा पूरी करने का मौका तो मिलेगा, लेकिन जयपुर केंद्र की इस घटना ने परीक्षा केंद्रों की तकनीकी तैयारियों और व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।




