दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल में नौ साल की बच्ची की अचानक मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची खेल की क्लास के बाद अपने कमरे में पहुंची ही थी कि अचानक जमीन पर गिर पड़ी। पूरी घटना स्कूल के CCTV कैमरे में कैद हो गई। परिवार ने स्कूल की मेडिकल व्यवस्था और समय पर इलाज मिलने को लेकर सवाल उठाए हैं। आखिर बच्ची के साथ उस सुबह क्या हुआ था? आगे पढ़ें पूरी खबर।

खेल की क्लास के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
यह घटना 4 नवंबर की सुबह मयूर विहार फेज-2 स्थित Lovely Heritage School की है। नौ वर्षीय छात्रा तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। पुलिस के मुताबिक, बच्ची फिजिकल ट्रेनिंग यानी PT क्लास के बाद अपने क्लासरूम में लौटी थी। वह अपनी टीचर के सामने खड़ी थी, तभी अचानक नीचे गिर गई। घटना के बाद क्लास में मौजूद शिक्षक और दूसरे बच्चे उसकी मदद के लिए पहुंचे।
CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
स्कूल के CCTV फुटेज में बच्ची को अचानक गिरते हुए देखा गया। फुटेज के मुताबिक, बच्ची के गिरने के बाद टीचर तुरंत उसके पास पहुंचीं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की। इसके बाद स्कूल के अन्य स्टाफ को मदद के लिए बुलाया गया। पुलिस ने जांच के लिए CCTV फुटेज अपने कब्जे में लिया है।
पहले अस्पताल ले गए, फिर दूसरे अस्पताल में हुई मौत
स्कूल प्रशासन के अनुसार, बच्ची को पहले पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उसे दूसरे बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद बच्ची को निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सुबह करीब 9 बजकर 52 मिनट पर PCR कॉल मिली थी।
परिवार ने मेडिकल व्यवस्था पर उठाए सवाल
बच्ची के परिजनों ने स्कूल में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि बच्ची को समय पर प्राथमिक उपचार और CPR नहीं दिया गया। उनका कहना है कि अगर तत्काल चिकित्सा सहायता मिलती तो शायद बच्ची की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, स्कूल प्रशासन का कहना है कि बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई थी।
मौत की असली वजह का इंतजार
शुरुआती जानकारी में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। दिल्ली पुलिस स्कूल के CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस बच्ची के परिजनों और स्कूल प्रशासन के बयान भी दर्ज कर रही है।





