हरियाणा के फरीदाबाद में मामूली बात पर मारपीट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर 12 स्थित डोमिनोज पिज्जा स्टोर में पानी मांगने पहुंचे एक युवक का विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मैनेजर पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक ने मैनेजर को कई थप्पड़ मारे और उसके साथी भी मारपीट में शामिल हो गए। पूरी घटना स्टोर के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। आगे पढ़ें पूरी खबर।

पानी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
यह मामला 2 नवंबर की रात का है। पीड़ित मैनेजर नितेश कुमार की उम्र 22 साल है और वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं। फिलहाल वह फरीदाबाद के सेक्टर 31 स्थित विनय नगर में रहते हैं और पिछले करीब एक साल से सेक्टर 12 के डोमिनोज स्टोर में मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
नितेश के मुताबिक घटना के समय स्टोर में केवल दो कर्मचारी मौजूद थे जबकि बाकी कर्मचारी डिलीवरी के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अजय नाम का युवक वहां पहुंचा और पानी मांगा। स्टाफ की व्यस्तता के कारण उसकी आवाज अंदर तक नहीं पहुंची और इसी बात पर वह नाराज हो गया।
मैनेजर को जड़े कई थप्पड़ साथी भी पहुंचे
मैनेजर नितेश ने बताया कि जब वह युवक को समझाने के लिए बाहर आए तो वह गाली गलौज करने लगा और थप्पड़ मारने लगा। शोर सुनकर युवक के अन्य साथी भी स्टोर के अंदर पहुंच गए और मैनेजर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
स्टोर के अंदर हुई पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। किसी तरह खुद को बचाने के बाद मैनेजर ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के सामने भी पिटाई का आरोप
पीड़ित मैनेजर ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के सामने भी उनके साथ मारपीट की। नितेश का दावा है कि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे लेकिन आरोपियों को रोकने के लिए सख्त कदम नहीं उठाया गया।
मैनेजर का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने थाने में लिखित शिकायत भी दी लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी FIR दर्ज नहीं हुई थी।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही पुलिस
इस मामले में सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर ने बताया कि डोमिनोज स्टोर के मैनेजर की ओर से मारपीट की शिकायत मिली है। पुलिस स्टोर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






