उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले BJP को चुनौती देने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन की तैयारी में जुटी हैं लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बड़ा अंतर सामने आ गया है। कांग्रेस ने जहां करीब 131 विधानसभा सीटों पर अपना दावा पेश किया है वहीं समाजवादी पार्टी ने उसे फिलहाल सिर्फ 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव में कांग्रेस की जीती हुई सीटों से लेकर उन क्षेत्रों तक के नाम शामिल हैं जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। आखिर सपा ने कांग्रेस को कौन सी 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है और बाकी सीटों पर क्या है उसका रुख आगे पढ़ें पूरी खबर।

कांग्रेस की 131 सीटों की मांग पर सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर 2027 में चुनाव होने हैं। इससे पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हो गई है।
कांग्रेस ने सोमवार को सपा के सामने करीब 130 से 131 सीटों की सूची रखी थी। इसके जवाब में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। साथ ही कांग्रेस से बाकी मांगी गई सीटों पर जीत की संभावनाओं और संभावित उम्मीदवारों की जानकारी भी मांगी गई है।
इन 6 सीटों पर कांग्रेस का पहले से रहा प्रदर्शन
सपा की ओर से प्रस्तावित 26 सीटों में कांग्रेस की दो ऐसी सीटें शामिल हैं जहां पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इनमें रामपुर खास और फरेंदा शामिल हैं।
इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं जहां कांग्रेस पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी। इनमें मथुरा खेरागढ़ जगदीशपुर और किदवई नगर शामिल हैं।
बाकी 20 सीटों में इन क्षेत्रों के नाम
समाजवादी पार्टी के प्रस्ताव में शामिल बाकी 20 विधानसभा सीटें हैं
– बागपत
– मोदीनगर
– हापुड़
– जेवर
– स्याना
– खुर्जा
– खैर
– इगलास
– मांट
– आगरा नॉर्थ
– फतेहपुर सीकरी
– बिलग्राम मल्लावां
– गोविंद नगर
– नानपारा
– गोरखपुर अर्बन
– खजनी
– पडरौना
– फाजिलनगर
– पिंडरा
– वाराणसी कैंट
इस तरह सपा के प्रस्ताव में कुल 26 सीटें शामिल हैं। हालांकि यह अभी बातचीत का हिस्सा है और अंतिम सीट बंटवारा नहीं हुआ है।
बाकी सीटों पर कांग्रेस से मांगा जीत का फॉर्मूला
सपा ने कांग्रेस की ओर से मांगी गई अन्य सीटों पर जीत का गणित समझने के लिए संभावित उम्मीदवारों और चुनावी प्रदर्शन की जानकारी मांगी है। पार्टी का जोर ऐसे उम्मीदवारों और विधानसभा क्षेत्रों पर है जहां गठबंधन की जीत की संभावना मजबूत हो।
दोनों दलों के बीच पहली बैठक में सीटों को लेकर शुरुआती प्रस्तावों पर चर्चा हुई थी। सपा नेता राम गोपाल यादव ने बातचीत को सकारात्मक बताया और उम्मीद जताई कि सीट बंटवारे का मामला अगले दो से तीन दिनों में सुलझ सकता है।
क्या 2027 से पहले मजबूत होगा सपा कांग्रेस गठबंधन
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था और उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था। कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं जबकि सपा को 37 सीटों पर जीत मिली थी।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के सामने सीटों को लेकर सहमति बनाने की चुनौती है। कांग्रेस अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है जबकि सपा जीत की संभावना को आधार बनाने पर जोर दे रही है। ऐसे में आने वाले दिनों की बातचीत तय करेगी कि दोनों दल किस फॉर्मूले पर साथ चुनाव लड़ेंगे।





