। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून की जाखन नदी में एक बड़ा हादसा टल गया। नदी किनारे पैर फिसलने से 12 वर्षीय बच्ची तेज बहाव में बह गई, लेकिन मौके पर मौजूद एक फौजी और स्थानीय युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची नदी किनारे मौजूद थी तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहने लगी। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई। इसी दौरान एक सेना का जवान और कुछ स्थानीय युवक बिना देर किए नदी में उतरे और काफी मशक्कत के बाद बच्ची तक पहुंचे।
काफी प्रयास के बाद बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव होने से उसकी जान बच गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फौजी और युवकों की बहादुरी की जमकर प्रशंसा की।
लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तराखंड की नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेला न छोड़ें। साथ ही, मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक रूप से जलधाराओं के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।


