बॉलीवुड की दुनिया में जब भी यादगार संगीत की बात होती है, तो ललित पंडित का नाम जरूर लिया जाता है। दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कुछ कुछ होता है, जो जीता वही सिकंदर, फना और हम तुम जैसी फिल्मों को अपनी धुनों से यादगार बनाने वाले ललित पंडित अब एक बिल्कुल नए अंदाज़ में सामने आए हैं।
इस बार उन्होंने रोमांस नहीं… बल्कि श्रद्धा की धुन छेड़ी है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने साईं बाबा को समर्पित भक्ति गीत ‘साईं नाम सांचा’ रिलीज़ किया है।


इस खास भजन में सिर्फ बड़े कलाकार ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के सिंगर्स को भी मौका दिया गया है। हरिहरन, उदित नारायण, शान, जावेद अली और बेला शेंडे जैसे दिग्गजों के साथ नए कलाकारों की आवाज़ भी इस गीत में सुनाई देगी।
ललित पंडित ने बताया कि वे और उनकी पत्नी अक्सर साईं बाबा के मंदिर जाते हैं। लंबे समय से उनके मन में इच्छा थी कि ऐसा भजन बनाया जाए, जो सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि श्रद्धा और आस्था की भावना को लोगों तक पहुंचाए।
उन्होंने यह भी बताया कि वे चाहते थे कि उनके बेटों के संगीत सफर की शुरुआत भी साईं बाबा के आशीर्वाद से हो। इसलिए इस भजन को खास अंदाज़ में तैयार किया गया।
और सबसे दिलचस्प बात… ललित पंडित ने सिर्फ बड़े नामों पर भरोसा नहीं किया, बल्कि नए कलाकारों को भी मंच देकर यह संदेश दिया कि प्रतिभा को मौका मिलना चाहिए।
अब देखना होगा कि रोमांटिक धुनों के बाद ललित पंडित का यह भक्ति गीत भी लोगों के दिलों में वही खास जगह बना पाता है या नहीं।
फिलहाल, संगीत और श्रद्धा का यह संगम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।


