दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोना तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। अधिकारियों ने दुबई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट से करीब 6.5 किलोग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक महिला समेत 8 यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।आगे पढ़ें पूरी खबर।

सोने को पहचानना भी हो सकता था मुश्किल
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात सोना छिपाने का तरीका है। कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सोने को चेन और अन्य ज्वेलरी का रूप दिया गया था। इसके बाद इन पर चांदी और काले रंग का स्प्रे किया गया था, ताकि पहली नजर में ये सामान्य धातु की बनी हुई चीजें दिखाई दें और सोने की असली पहचान छिपी रहे।
सीट के नीचे मिले तीन बैग
कस्टम अधिकारियों ने जानकारी मिलने के बाद दुबई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट की गहन तलाशी ली। इस दौरान विमान की दो सीटों के नीचे तीन छोटे बैग मिले। जांच करने पर इन बैगों में सोने की चेन और अन्य आभूषण बरामद हुए। जांच में कुल करीब 6.5 किलो सोना सामने आया, जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये आंकी गई।
दुबई जाने की वजह भी जांच के घेरे में
कस्टम विभाग के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी यात्री दुबई गए थे और कथित तौर पर प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे। इसके बाद वे 21 सितंबर को दिल्ली लौटे। अधिकारियों को इनके बारे में पहले से जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर फ्लाइट की तलाशी की गई।
पूछताछ के बाद 8 यात्रियों की गिरफ्तारी
बरामदगी के बाद कस्टम अधिकारियों ने फ्लाइट में सवार यात्रियों से पूछताछ की। इसके बाद एक महिला समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से खरीदा गया था, इसे दिल्ली में किसे सौंपा जाना था और इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कोर्ट ने भेजा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कस्टम विभाग मामले की आगे जांच कर रहा है।




