दीपावली की रात मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हुए भीषण अग्निकांडों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। कटनी, सिवनी और महाराष्ट्र के धाराशिव में अलग-अलग घटनाओं में कुल 18 लोगों की जान चली गई। हादसों में दो माह के मासूम से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। आखिर तीनों जगह आग कैसे लगी और कैसे उजड़ गए परिवार? आगे पढ़ें पूरी खबर।

कटनी में दुकान से तीन मंजिला इमारत तक फैली आग
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही कस्बे में आधी रात के करीब एक क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। आग तेजी से फैलकर तीन मंजिला इमारत तक पहुंच गई, जहां परिवार के सदस्य रहते थे। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में करीब 70 वर्ष के दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। इनमें महज दो माह का मासूम भी था।
बताया गया कि आग बुझाने के लिए पहुंचे दमकल वाहनों में तकनीकी खराबी के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ। बचाव दल ने घंटों की मशक्कत के बाद इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शुरुआती आशंका दीये या शॉर्ट सर्किट की जताई गई है, लेकिन जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
सिवनी में सर्राफा कारोबारी के घर छह लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के ही सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सर्राफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सुबह करीब 3 बजे आग लग गई। घटना के समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे।
इस अग्निकांड में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 75 वर्षीय कुंदन लाल सोनी, उनकी 65 वर्षीय पत्नी राजकुमारी, 42 वर्षीय ऋतु सोनी, 40 वर्षीय स्मृति सोनी, 45 वर्षीय सूर्या सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं। वहीं, परिवार के चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है।
महाराष्ट्र के धाराशिव में दम घुटने से गई छह जानें
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में भी दीपावली की रात बड़ा हादसा हुआ। यहां किराने की दुकान के ऊपर बने घर में अचानक आग फैल गई। परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिल पर मौजूद थे, लेकिन आग और धुएं के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
इस घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को बचा लिया गया। शुरुआती जानकारी में घर में जलाए गए दीये से आग लगने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तीन हादसों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदला
कटनी, सिवनी और धाराशिव में हुए इन तीन अग्निकांडों में कुल 18 लोगों की मौत ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। तीनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इन हादसों ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान घरों और दुकानों में आग से बचाव के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




