सोचिए, कोई कारोबारी करोड़ों रुपये का सोना बेचने के बाद भुगतान के तौर पर मिले नोटों की गड्डियां खोले और उनमें महात्मा गांधी की जगह बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर की तस्वीर दिखाई दे! गुजरात के अहमदाबाद में ऐसा ही हैरान करने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। ठगों ने सोना खरीदने के नाम पर जौहरी को नकली नोट थमा दिए और करीब 2.1 किलो सोना लेकर फरार हो गए। इस पूरे खेल में फर्जी कंपनी और नकली करेंसी का इस्तेमाल किया गया था। आगे पढ़ें पूरी खबर।

2.1 किलो सोना खरीदने के नाम पर रची गई साजिश
यह मामला सितंबर 2024 का है। अहमदाबाद के मानेक चौक में बुलियन कारोबारी मेहुल ठक्कर को 2,100 ग्राम सोना खरीदने के लिए संपर्क किया गया था। सौदे की कुल कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये तय हुई थी।
आरोपियों ने भुगतान ऑनलाइन करने में असमर्थता जताते हुए नकद रकम देने की बात कही। इसके बाद सोने की डिलीवरी के लिए सीजी रोड स्थित एक कार्यालय में बुलाया गया, जिसे कथित तौर पर फर्जी आंगड़िया फर्म के रूप में तैयार किया गया था।
₹500 के नोटों पर अनुपम खेर की तस्वीर
24 सितंबर को कारोबारी के कर्मचारी सोना लेकर बताए गए पते पर पहुंचे। वहां आरोपियों ने उन्हें ₹500 के नोटों की 26 गड्डियां सौंपीं। इनकी कुल रकम करीब 1.30 करोड़ रुपये बताई गई।
आरोपियों ने बाकी 30 लाख रुपये बाद में देने की बात कही और कुछ देर में लौटने का भरोसा देकर वहां से निकल गए। लेकिन जब कर्मचारी ने नोटों की जांच की तो हैरान रह गया। नकली नोटों पर महात्मा गांधी की जगह अभिनेता अनुपम खेर की तस्वीर छपी थी। नोटों पर बैंक के नाम की जगह गलत नाम भी लिखा हुआ था।
फर्जी कार्यालय बनाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जिस कार्यालय में सोने की डिलीवरी ली थी, उसे कथित तौर पर फर्जी आंगड़िया फर्म के नाम पर तैयार किया गया था। इस कार्यालय को वारदात से कुछ दिन पहले ही शुरू किया गया था।
कारोबारी की शिकायत पर अहमदाबाद के नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, 18 गोल्ड बिस्किट बरामद
मामले की जांच के दौरान अक्टूबर 2024 में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में मुख्य आरोपी की पहचान दीपक राजपूत के रूप में हुई। उसके साथ नरेंद्र यादव और नकली नोट तैयार करने वाले कलपेश मेहता को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों से ठगे गए 21 गोल्ड बिस्किट में से 18 बरामद किए थे, जिनकी कीमत करीब 1.36 करोड़ रुपये बताई गई। जांच में सामने आया कि नकली नोटों को फिल्म शूटिंग में इस्तेमाल होने वाला बताकर छपवाया गया था।





