दिल्ली के व्यस्त बाजारों में शामिल करोल बाग की गफ्फार मार्केट में शुक्रवार सुबह एक दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत मोर्चा संभाला और 22 फायर टेंडर मौके पर भेजे। आग बुझाने के लिए अतिरिक्त पानी के टैंकर और रोशनी के उपकरण भी घटनास्थल पर पहुंचाए गए। आखिर मार्केट में कहां लगी आग और क्या है अब तक की स्थिति? आगे पढ़ें पूरी खबर।

पुरी प्लाजा की दुकान में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली के 13 ब्लॉक में पुरी प्लाजा की एक दुकान में लगी। शुक्रवार सुबह आग की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
मौके पर पहुंचीं दमकल की 22 गाड़ियां
आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 22 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा आग बुझाने के अभियान में मदद के लिए अतिरिक्त पानी के टैंकर और लाइटिंग उपकरण भी भेजे गए।
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। साथ ही दुकान को हुए नुकसान और किसी के घायल होने या हताहत होने की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हैं। घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।






