जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां ड्यूटी के दौरान लापता हुए दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों के शव बरामद किए गए हैं। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं और उनके सर्विस हथियार भी घटनास्थल से गायब हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

45 और 57 वर्षीय SPO की हुई पहचान
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार और 57 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप यानी SOG में तैनात थे। वे किश्तवाड़ जिले के दच्छन क्षेत्र के कियार गांव में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
कैंप से आर्मी पोस्ट जाते समय हुए थे लापता
जानकारी के मुताबिक बुधवार को दोनों SPO अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था लेकिन बाद में दोनों के फोन बंद हो गए। इसके बाद पुलिस और सेना ने उनकी तलाश के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया।
जंगलों में ड्रोन और खोजी कुत्तों से तलाश
दोनों अधिकारियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने दुर्गम पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन और खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई। कई टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया। गुरुवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव बरामद हुए।
हथियार गायब होने से आतंकी साजिश की आशंका
दोनों SPO के शवों पर गोलियों के निशान मिले हैं। उनके साथ मौजूद INSAS और .303 राइफलें भी गायब बताई जा रही हैं। हथियार नहीं मिलने के कारण आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक किसी आतंकी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सेना और पुलिस ने तेज किया तलाशी अभियान
घटना के बाद किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। सेना जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बल संदिग्धों की तलाश में जुटे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दोनों SPO किन परिस्थितियों में लापता हुए और उनकी हत्या के पीछे कौन जिम्मेदार है।




