उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों के बीच गठबंधन की खबर सामने आई है। दोनों नेता साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इस नए मोर्चे के ऐलान को लेकर लखनऊ में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सबकी नजरें टिकी हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

12 नवंबर को लखनऊ में हो सकता है औपचारिक ऐलान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी कांशीराम के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे दयाल पैराडाइज होटल में प्रस्तावित है। इसी दौरान गठबंधन के नाम और आगे की रणनीति का ऐलान होने की संभावना है।
करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों दल उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि AIMIM मुस्लिम बहुल सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है जबकि आजाद समाज पार्टी अन्य सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकती है। हालांकि सीटों का अंतिम बंटवारा और उम्मीदवारों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
यूपी की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से प्रदेश में एक नए राजनीतिक मोर्चे की चर्चा शुरू हो गई है। दोनों दलों की ओर से दलित और मुस्लिम वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दिए जाने की संभावना है। अब सभी की नजर 12 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर है जहां गठबंधन की औपचारिक तस्वीर साफ हो सकती है।





