दिल्ली के बाहरी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां चार साल का मासूम बच्चा खुले सीवर में गिरकर लापता हो गया। घटना नांगलोई विहार की दास गार्डन कॉलोनी के पास हुई। बच्चे की तलाश में रात से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। NDRF से लेकर दिल्ली पुलिस और BSF तक की टीमें मौके पर तैनात हैं लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

पार्क में खेलते समय खुले मैनहोल में गिरा बच्चा
जानकारी के मुताबिक चार वर्षीय इमरान अपनी मां के साथ पार्क में मौजूद था। इसी दौरान वह खुले मैनहोल के पास पहुंचा और सीवर में गिर गया। बच्चे के पिता खुर्शीद आलम के मुताबिक उनका बेटा पार्क में खेलने आया था और शौच के लिए सीवर के पास गया था। मैनहोल खुला होने के कारण वह अंदर गिर गया।
रात से चल रहा है बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग को रात करीब 9:45 बजे कॉल मिली थी। इसके बाद बच्चे को खोजने के लिए अभियान शुरू किया गया। घंटों बीत जाने के बाद भी बच्चे का पता नहीं चल सका।
NDRF और BSF समेत कई एजेंसियां जुटीं
मासूम की तलाश के लिए NDRF दिल्ली फायर सर्विस दिल्ली पुलिस दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और BSF की टीमें लगाई गई हैं। बचाव दल सीवर लाइन में तलाशी अभियान चला रहे हैं। बच्चे का पता लगाने के लिए सक्शन पंप और विशेष स्कैनिंग उपकरणों की भी मदद ली जा रही है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बच्चे के लापता होने के बाद परिवार की हालत बेहद खराब है। पिता लगातार अपने बेटे के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल बच्चे की तलाश जारी है और उसकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।






