नया शेड्यूल दिवाली की खरीदारी, पूजा और परिवार के साथ जश्न के बाद अगर आप दिल्ली मेट्रो से घर लौटने की सोच रहे हैं तो समय का खास ध्यान रखना होगा। त्योहार के दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रविवार के मुकाबले अलग समय पर चलेंगी। DMRC ने 8 नवंबर 2026 के लिए विशेष टाइमटेबल जारी किया है। इसके तहत जहां तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह जल्दी ट्रेन मिलेगी, वहीं रात में सभी लाइनों की आखिरी मेट्रो एक घंटा पहले रवाना होगी। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह बदलाव अहम है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

दिवाली पर सभी लाइनों की आखिरी मेट्रो रात 10 बजे
दिल्ली मेट्रो के नए शेड्यूल के मुताबिक, 8 नवंबर को सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी। सामान्य तौर पर रविवार को यह समय रात 11 बजे होता है।
DMRC ने यह बदलाव शाम को दिवाली समारोह और त्योहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए किया है। खास बात यह है कि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी आखिरी ट्रेन रात 10 बजे ही टर्मिनल स्टेशन से चलेगी।
सुबह 6 बजे से शुरू होगी इन लाइनों पर मेट्रो
दिवाली के दिन तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवा सामान्य रविवार से एक घंटा पहले शुरू होगी। इन लाइनों पर आमतौर पर पहली ट्रेन सुबह 7 बजे चलती है, लेकिन 8 नवंबर को यह सुबह 6 बजे टर्मिनल स्टेशन से रवाना होगी।
इन तीन लाइनों का बदला हुआ शेड्यूल:
– पिंक लाइन: मजलिस पार्क से शिव विहार तक।
– मैजेंटा लाइन: बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक तक।
– ग्रे लाइन: द्वारका ककरोला से धांसा बस स्टैंड तक।
रात में सफर करने वाले यात्री रखें खास ध्यान
मेट्रो की आखिरी ट्रेन रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशन से रवाना होगी। इसका मतलब यह नहीं है कि हर स्टेशन पर रात 10 बजे ही आखिरी ट्रेन पहुंचेगी। अलग-अलग स्टेशनों पर ट्रेन पहुंचने का समय रूट और दिशा के अनुसार अलग हो सकता है।
इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें और देर रात की यात्रा के लिए पहले से योजना बना लें।
DMRC ने यात्रियों को दी ये सलाह
DMRC ने यात्रियों से बदले हुए टाइमटेबल के अनुसार यात्रा की योजना बनाने को कहा है। मेट्रो सेवाओं से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए यात्री दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल देख सकते हैं।






