यूट्यूबर ध्रुव राठी एक बार फिर कानूनी विवाद को लेकर चर्चा में हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने साल 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला विकास सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे की शिकायत से जुड़ा है जिसमें ध्रुव राठी के एक पुराने YouTube वीडियो पर सवाल उठाए गए थे। इससे पहले भी कोर्ट की ओर से उन्हें जमानती वारंट जारी किया जा चुका था। आखिर 8 साल पुराने इस मामले में अब कोर्ट को सख्त कदम क्यों उठाना पड़ा आगे पढ़ें पूरी खबर।

2018 के किस वीडियो से शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा मामला ध्रुव राठी के YouTube चैनल पर मई 2018 में अपलोड किए गए वीडियो से जुड़ा है। वीडियो का शीर्षक BJP IT Cell Part II था।
शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन का आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए गए थे। उन्होंने दावा किया था कि इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। इसी आधार पर उन्होंने ध्रुव राठी के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी।
कोर्ट में पेशी को लेकर जारी हुआ वारंट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ध्रुव राठी को इस मामले में पहली बार जुलाई 2019 में समन जारी किया गया था। हालांकि उन्हें समन तामील कराने में लगातार दिक्कतें आती रहीं।
अक्टूबर 2026 में कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। बताया गया कि गुरुग्राम स्थित पते पर नोटिस पहुंचाने के दौरान परिसर बंद मिला था। इसके बाद भी पेशी सुनिश्चित नहीं होने पर अब साकेत कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है।
अरविंद केजरीवाल से भी जुड़ा था वीडियो का विवाद
इस मामले में वीडियो को लेकर पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम भी सामने आया था। उन्होंने 2018 में ध्रुव राठी के इस वीडियो को रीट्वीट किया था।
शिकायतकर्ता ने ध्रुव राठी के साथ केजरीवाल के खिलाफ भी मानहानि की कार्यवाही शुरू की थी। हालांकि फरवरी 2024 में केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में वीडियो रीट्वीट करने को गलती बताया था। उनके मामले में अलग से कानूनी कार्यवाही हुई।
3 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है। कोर्ट के विस्तृत आदेश का इंतजार है।
गौरतलब है कि गैर-जमानती वारंट जारी होना किसी मामले में दोष सिद्ध होना नहीं है। यह अदालत में आरोपी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया कानूनी कदम है। मानहानि मामले में आरोपों पर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है।




