मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से बड़ा हादसा सामने आया है। पिछले 48 घंटों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 181 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने खुद अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

चकपीकारोंग इलाके में सामने आया मामला
यह घटना मणिपुर के चंदेल जिले के चकपीकारोंग इलाके और आसपास के क्षेत्रों की बताई जा रही है। यहां संदिग्ध मिलावटी शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए।
मुख्यमंत्री की ओर से शुक्रवार शाम साझा की गई जानकारी के मुताबिक पिछले 48 घंटों में 11 लोगों की मौत हुई है। बीमार लोगों को बेहतर इलाज के लिए राज्य की राजधानी इंफाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दो अस्पतालों में 181 मरीजों का चल रहा इलाज
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इंफाल के दो अस्पतालों का दौरा किया। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से मरीजों की स्थिति और इलाज की जानकारी ली।
आंकड़ों के मुताबिक शिजा अस्पताल के लम्फेलपाट परिसर में 140 मरीज भर्ती हैं जबकि बाबिना अस्पताल के साजीवा परिसर में 41 लोगों का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने घटना की जांच कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अस्पताल में भर्ती मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
चंदेल जिले में इलाज की व्यवस्था मजबूत करने के लिए सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञ की अगुवाई में मेडिकल टीम भी भेजी गई है। टीम के साथ जरूरी दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई हैं।
सुगनू से खरीदी गई थी संदिग्ध शराब
चंदेल के पुलिस अधीक्षक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पीड़ितों ने जिस शराब का सेवन किया था उसे काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब का निर्माण चंदेल जिले में होने की जानकारी नहीं मिली है।
हालांकि शराब में किस तरह का जहरीला पदार्थ मिला था और मौतों की वास्तविक वजह क्या है इसकी पुष्टि अभी मेडिकल और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रशासन ने जारी की स्वास्थ्य एडवाइजरी
घटना के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध स्रोतों से खरीदी गई शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। खासकर प्रभावित इलाकों में स्थानीय रूप से बनी या संदिग्ध शराब से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि शराब पीने के बाद उल्टी पेट दर्द सिरदर्द चक्कर धुंधला दिखाई देना या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण नजर आएं तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं। जिस व्यक्ति ने उसी संदिग्ध स्रोत से शराब पी है उसे लक्षण नहीं होने पर भी मेडिकल जांच कराने की सलाह दी गई है।






