
हिसार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर आखिरकार सरकार और परिवार के बीच सहमति बन गई है।हत्याकांड के करीब 15 दिन बाद आज गांव किनाला में जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बेहद भावुक कर देने वाली बात यह है कि जीवन का महज 11 वर्षीय बेटा ही अपने पिता की अंतिम संस्कार की रस्में निभाएगा।
दरअसल, जीवन कुंडू की हत्या के बाद परिवार और ग्रामीणों की ओर से न्याय की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। मामले को लेकर लघु सचिवालय पर महापंचायत भी हुई थी।अब सरकार ने जीवन कुंडू न्याय संघर्ष समिति की सभी प्रमुख मांगों को मान लिया है। इसके बाद गुरुग्राम की भोंडसी जेल से किसान नेताओं की रिहाई के साथ ही लघु सचिवालय से धरना भी समाप्त कर दिया गया।सरकार की ओर से परिवार को आर्थिक मदद देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और मुख्य आरोपी रमेश अत्री की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।इस पूरे मामले में बीजेपी के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने भी मध्यस्थता की। उनके साथ कमेटी के सदस्य चंडीगढ़ पहुंचे थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
फिलहाल सबसे भावुक तस्वीर गांव किनाला से सामने आएगी, जहां 11 साल का मासूम बेटा अपने पिता को अंतिम विदाई देगा। अब देखना होगा कि सरकार द्वारा किए गए इन आश्वासनों पर आगे कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।”

