हरियाणा में समान नागरिक संहिता यानी UCC लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य विधि आयोग ने विवाह तलाक गुजारा भत्ता लिव-इन रिलेशनशिप और संपत्ति के बंटवारे को लेकर विस्तृत मसौदा तैयार कर लिया है। इसमें हिंदू मुस्लिम सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के लोगों के लिए समान कानूनी व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। शादी का पंजीकरण अनिवार्य करने से लेकर बेटियों को संपत्ति में बराबर अधिकार देने तक कई अहम बदलाव शामिल हैं। हालांकि अभी यह कानून लागू नहीं हुआ है और अंतिम फैसला राज्य सरकार को लेना है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

हरियाणा में UCC का मसौदा तैयार
हरियाणा राज्य विधि आयोग ने समान नागरिक संहिता का मसौदा विधेयक तैयार करके मुख्य सचिव और गृह विभाग को भेज दिया है। अब राज्य सरकार इस पर विचार करेगी और मंजूरी मिलने के बाद इसे विधानसभा में विधेयक के रूप में पेश किया जा सकता है।
प्रस्तावित कानून का उद्देश्य विवाह और पारिवारिक मामलों में अलग-अलग धार्मिक कानूनों की जगह एक समान कानूनी व्यवस्था तैयार करना है। इसमें कुछ संरक्षित समूहों और अनुसूचित जनजातियों को छूट देने का भी प्रस्ताव है।
शादी के लिए सभी धर्मों में होंगी समान शर्तें
मसौदे के अनुसार विवाह के लिए पुरुष की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और महिला की 18 वर्ष होनी चाहिए। शादी के समय दोनों पक्षों की सहमति जरूरी होगी और किसी भी पक्ष का पहले से जीवित जीवनसाथी नहीं होना चाहिए।
इसके अलावा प्रतिबंधित पारिवारिक रिश्तों में विवाह पर रोक लगाने का प्रस्ताव है। हालांकि मान्य परंपराओं के आधार पर कुछ मामलों में छूट दी जा सकेगी।
60 दिन के भीतर कराना होगा शादी का रजिस्ट्रेशन
प्रस्तावित यूसीसी के तहत कानून लागू होने के बाद हरियाणा में होने वाले प्रत्येक विवाह का 60 दिन के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
हरियाणा का निवासी यदि दूसरे राज्य में जाकर शादी करता है तो उस पर भी यह नियम लागू होगा। 11 अप्रैल 2008 से यूसीसी लागू होने की तारीख के बीच हुए अपंजीकृत विवाहों को भी एक साल के भीतर दर्ज कराने का प्रस्ताव है।
तलाक के लिए भी तय होंगे समान आधार
मसौदे में सभी धर्मों के लिए तलाक के आधार एक समान रखने की बात कही गई है। इनमें व्यभिचार क्रूरता लगातार दो साल तक छोड़कर चले जाना धर्म परिवर्तन गंभीर मानसिक बीमारी संक्रामक यौन रोग और संन्यास लेना शामिल हैं।
इसके अलावा सात साल तक किसी व्यक्ति के जीवित होने की जानकारी नहीं मिलना दूसरी शादी करना और अदालत के भरण-पोषण आदेश का लगातार एक साल तक पालन नहीं करना भी तलाक का आधार हो सकता है।
प्रस्ताव में पत्नी को पति द्वारा दुष्कर्म या अन्य अप्राकृतिक यौन अपराध किए जाने की स्थिति में तलाक मांगने का अतिरिक्त अधिकार देने की बात भी शामिल है।
आपसी सहमति से तलाक के लिए एक साल अलग रहना जरूरी
मसौदे के मुताबिक पति-पत्नी आपसी सहमति से भी तलाक ले सकेंगे। इसके लिए दोनों का कम से कम एक साल से अलग रहना और विवाह समाप्त करने पर सहमत होना जरूरी होगा।
पहली संयुक्त याचिका दाखिल करने के छह महीने बाद और 18 महीने के भीतर दूसरी संयुक्त अर्जी देनी होगी। हालांकि विशेष परिस्थितियों में अदालत को इस अवधि और अलग रहने की शर्त में छूट देने का अधिकार प्रस्तावित है।
पति और पत्नी दोनों मांग सकेंगे गुजारा भत्ता
प्रस्तावित कानून में भरण-पोषण का अधिकार केवल पत्नी तक सीमित नहीं रहेगा। आर्थिक रूप से कमजोर पति या पत्नी अदालत से मुकदमे के दौरान अंतरिम गुजारा भत्ता और कानूनी खर्च मांग सकेंगे।
तलाक के बाद अदालत स्थायी भरण-पोषण का आदेश भी दे सकेगी। पत्नी को मिलने वाला मेहर डावर और स्त्रीधन उसके गुजारा भत्ता पाने के अधिकार से अलग रहेगा।
लिव-इन रिलेशनशिप का भी कराना होगा पंजीकरण
हरियाणा के प्रस्तावित यूसीसी में लिव-इन रिलेशनशिप को भी कानूनी दायरे में लाने की तैयारी है। इसके तहत साथ रहने वाले जोड़ों को एक महीने के भीतर संयुक्त बयान देकर पंजीकरण कराना होगा।
यदि किसी साथी की उम्र 21 साल से कम है तो उसके माता-पिता या अभिभावकों को भी इसकी सूचना देने का प्रस्ताव है। निर्धारित समय में पंजीकरण नहीं कराने पर तीन महीने तक की जेल या 10 हजार रुपये जुर्माना अथवा दोनों की सजा का प्रावधान रखा गया है।
लिव-इन संबंध में महिला साथी को छोड़ दिए जाने पर वह अदालत से भरण-पोषण मांग सकेगी। ऐसे संबंध से जन्म लेने वाले बच्चे को भी जोड़े की वैध संतान का दर्जा देने का प्रस्ताव है।
बेटियों को संपत्ति में मिलेगा बराबर हिस्सा
समान नागरिक संहिता के मसौदे में उत्तराधिकार और संपत्ति के बंटवारे को लेकर भी बदलाव प्रस्तावित हैं। बिना वसीयत किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर संपत्ति के उत्तराधिकारियों का क्रम तय किया जाएगा।
इसमें बेटे और बेटियों को समान हिस्सा देने की व्यवस्था प्रस्तावित है। यदि किसी बेटे या बेटी की पहले मृत्यु हो चुकी है तो उनकी संतान को भी निर्धारित हिस्से के अनुसार अधिकार मिल सकेगा।
अभी लागू नहीं हुआ है UCC
हरियाणा राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष एचएस भल्ला के अनुसार सभी संबंधित तथ्यों और कानूनों का अध्ययन करने के बाद मसौदा तैयार किया गया है और इसे सरकार के पास भेज दिया गया है।
अब राज्य सरकार इस पर अंतिम निर्णय लेगी। इसके बाद विधानसभा में विधेयक पारित होने और अधिसूचना जारी होने पर ही यह कानून लागू हो सकेगा। फिलहाल हरियाणा में यूसीसी के ये सभी प्रावधान प्रस्तावित हैं।




