मेरठ के आबूलेन स्थित होटल में युवती को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म करने के आरोप में फरार चल रहे सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और बचने के लिए निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गया। भागने की कोशिश में वह नीचे गिरकर घायल हो गया। इस मामले में होटल को पहले ही सील किया जा चुका है और अब होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच हो रही है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

नारहेड़ा के पास पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि युवती से जुड़े मामले में वांछित सलमान मेरठ के नारहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देखकर सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वह निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। उसके हाथ और पैर में चोट आई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
होटल से भागी युवती को बीच बाजार में पकड़ने का आरोप
यह पूरा मामला मेरठ के आबूलेन स्थित एक होटल से जुड़ा है। गाजियाबाद निवासी 24 वर्षीय युवती ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सलमान ने उसे होटल के कमरे में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट व दुष्कर्म किया।
आरोप है कि मंगलवार दोपहर युवती किसी तरह होटल से बाहर निकलकर मदद के लिए चिल्लाने लगी। सलमान ने उसका पीछा किया और बीच बाजार में पकड़कर दोबारा होटल के अंदर ले जाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद युवती को बचाया जा सका। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस ने बरामद किया तमंचा और कारतूस
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान सलमान के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दुष्कर्म और SC-ST एक्ट की धाराएं बढ़ीं
शुरुआत में पुलिस ने युवती की शिकायत पर मारपीट बंधक बनाने और धमकी देने से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बाद में जांच और शिकायत के आधार पर मामले में दुष्कर्म तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
होटल सील प्रबंधन की भूमिका की जांच
घटना के बाद पुलिस ने संबंधित होटल को सील कर दिया है। होटल मैनेजर और संचालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस होटल के रजिस्टर और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।





