हरियाणा में भाई-बहन के रिश्ते की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली है जहां एक भाई ने अपनी बहन की खुशी के लिए ऐसा आयोजन किया जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। इस खास मौके पर भावुक हुई बहन की आंखें भी भर आईं। आखिर कौन हैं ये भाई-बहन और क्या रहा इस भव्य आयोजन के पीछे का कारण आगे पढ़ें पूरी खबर।

12 साल बाद घर में गूंजी बेटी की किलकारी
यह मामला हरियाणवी कलाकार और सोशल मीडिया क्रिएटर दर्शना हरियाणवी से जुड़ा है। शादी के करीब 12 साल बाद IVF के जरिए उनके घर बेटी का जन्म हुआ। बेटी के जन्म और कुआं पूजन यानी जलवा पूजन के अवसर पर परिवार ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
मोहित ने धर्म के भाई के रूप में निभाई रस्म
दर्शना हरियाणवी का कोई सगा भाई नहीं है। ऐसे में समाजसेवी और सोशल मीडिया क्रिएटर मोहित ने धर्म के भाई के रूप में आगे आकर पीलिया की रस्म निभाई। उन्होंने अपनी बहन के लिए भव्य आयोजन किया और भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरत मिसाल पेश की।
जीता खेड़ी गांव में हुआ भव्य आयोजन
22 नवंबर को हांसी के पास जीता खेड़ी गांव में यह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के अलग-अलग इलाकों से लोग और कलाकार पहुंचे। लोगों ने नवजात बच्ची को आशीर्वाद दिया और इस खास मौके की खुशियों में हिस्सा लिया। इस आयोजन में हरियाणा के भाईचारे और पारिवारिक रिश्तों की झलक भी देखने को मिली।
भावुक कर गया भाई-बहन का रिश्ता
पीलिया की रस्म के दौरान दर्शना हरियाणवी भावुक नजर आईं। यह आयोजन सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं रहा बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि रिश्ते केवल खून से नहीं बल्कि प्यार और अपनापन से भी बनते हैं। मोहित की इस पहल की चर्चा अब लोगों के बीच हो रही है।




