गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब वाहन रोकने और चालान करने की प्रक्रिया बॉडी वॉर्न कैमरे की निगरानी में करनी होगी। ड्यूटी के दौरान कैमरे के बिना वाहन रोकने वाले पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है। दिवाली गिफ्ट के नाम पर कथित वसूली के मामले में एक होमगार्ड की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कमिश्नर ने ये सख्त निर्देश जारी किए हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

दिवाली गिफ्ट के नाम पर होमगार्ड ने मांगा था गिफ्ट
मामला 7 नवंबर का है जब गुरुग्राम के साइबर हब के पास ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक होमगार्ड ने कार सवार भाई बहन को रुकवाया था। आरोप है कि होमगार्ड ओमकार ने उनसे दिवाली गिफ्ट की मांग की। कार में मौजूद युवक ने UPI से भुगतान करने की बात कही लेकिन होमगार्ड ने कथित तौर पर पैसे लेने के बजाय गिफ्ट देने को कहा। इसके बाद उसने कार में रखे सामान में से एक गिफ्ट हैम्पर ले लिया।
वीडियो सामने आने के बाद हुई गिरफ्तारी
इस घटना का डैशकैम वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। DLF फेज 3 थाने में होमगार्ड के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया। आरोपी ओमकार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार उसे ड्यूटी से हटाकर निलंबित भी किया गया है।
अब बॉडी कैमरे की निगरानी में होगी चेकिंग
घटना के बाद पुलिस कमिश्नर शिबास कबिराज ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। अब वाहन रोकने और चालान की कार्रवाई बॉडी वॉर्न कैमरे की निगरानी में करनी होगी। बिना कैमरे के वाहन रोकने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य चेकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और वाहन चालकों के साथ पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
हर 60 दिन में बदलेगी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
नए निर्देशों के तहत ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती अब हर 60 दिन में रैंडम कंप्यूटराइज्ड सिस्टम के जरिए बदली जाएगी। इसके अलावा किसी पुलिसकर्मी होमगार्ड या विशेष पुलिस अधिकारी के भ्रष्टाचार या अवैध वसूली में शामिल पाए जाने पर संबंधित जोनल अधिकारी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर की जवाबदेही भी तय होगी।
CCTV से होगी निगरानी चालक सीधे कर सकेंगे शिकायत
पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात ACP स्तर के अधिकारी CCTV कैमरों की निगरानी करेंगे। संदिग्ध गतिविधि या गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि यदि कोई कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अवैध वसूली या गलत व्यवहार करता है तो इसकी शिकायत करें। वाहन चालक सीधे पुलिस कमिश्नर तक भी अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे।






