हरियाणा में अब दूध का कारोबार करने वालों को नियमों का पालन करना होगा। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने दूध विक्रेताओं के लिए लाइसेंस और पंजीकरण अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं दूध बेचने या सप्लाई करने के लिए इस्तेमाल होने वाली बाइक और अन्य वाहनों का विवरण भी विभाग के पास दर्ज कराना होगा। बिना लाइसेंस पकड़े जाने पर 3 लाख रुपये तक जुर्माना और वाहन जब्त करने की कार्रवाई हो सकती है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

दूध बेचने वालों के लिए लाइसेंस जरूरी
नई व्यवस्था के तहत घर-घर जाकर दूध पहुंचाने वाले दूधियों से लेकर दुकानदारों और डेयरी संचालकों तक को पंजीकरण कराना होगा। विभाग का उद्देश्य दूध विक्रेताओं का रिकॉर्ड तैयार करना और दूध की गुणवत्ता को लेकर जवाबदेही तय करना है।
बिना लाइसेंस पकड़े जाने पर होगी कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक यदि कोई दूध विक्रेता जांच के दौरान बिना वैध लाइसेंस के दूध बेचता पाया जाता है तो उस पर 3 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा दूध की बिक्री और सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली बाइक या गाड़ी जब्त की जा सकती है। मामले को आगे की कार्रवाई के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अदालत में भी भेजा जा सकता है।
CSC सेंटर से ऐसे करें आवेदन
दूध विक्रेता अपने नजदीकी अटल सेवा केंद्र यानी CSC पर जाकर FSSAI पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान वाहन की RC आधार कार्ड पैन कार्ड और अपनी फोटो जमा करनी होगी। इसके बाद आवेदन जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी के पास पहुंचेगा और दस्तावेजों की जांच के बाद लाइसेंस जारी किया जाएगा।
मिलावट रोकने और रिकॉर्ड तैयार करने पर जोर
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डॉ अमन प्रकाश ढाका के मुताबिक विभाग को दूध में मिलावट से जुड़ी शिकायतें मिलती रहती हैं। लाइसेंस व्यवस्था से दूध विक्रेताओं का रिकॉर्ड तैयार होगा और शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता की पहचान कर कार्रवाई करना आसान होगा।
FSSAI ने भी जारी की है अनिवार्य पंजीकरण की एडवाइजरी
FSSAI ने 11 मार्च 2026 को जारी एडवाइजरी में डेयरी सहकारी समिति के उन सदस्यों को छोड़कर जो अपना पूरा दूध उसी समिति को देते हैं अन्य दूध उत्पादकों और दूध विक्रेताओं के लिए पंजीकरण या लाइसेंस अनिवार्य करने की बात कही थी।





