दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। आरोपी ने 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी और उनकी बेटी हर्षिता को भी निशाना बनाने की धमकी दी थी। लेकिन पुलिस जांच में इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक धमकी देने वाला शख्स किसी गैंग से जुड़ा नहीं है आगे पढ़ें पूरी खबर।

AAP विधायक जरनैल सिंह को आया था धमकी भरा फोन
दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से AAP विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली पुलिस को शिकायत दी थी। उनके मुताबिक 6 नवंबर को उन्हें एक फोन कॉल और WhatsApp मैसेज मिला था।
कॉल करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अरविंद केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये देने का संदेश देने को कहा। रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मोहाली पुलिस ने दर्ज किया था केस
विधायक की शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और IT एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की थी।
जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई थी। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड IP लॉग और मोबाइल लोकेशन के जरिए धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी थी।
जांच में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा
मामले की जांच के बाद पुलिस सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई कि धमकी देने वाला शख्स हरियाणा के रोहतक का रहने वाला रिटायर्ड क्लर्क है।
शुरुआती जांच में उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग या किसी अन्य आपराधिक गिरोह से संबंध सामने नहीं आया। पुलिस सूत्रों ने धमकी के मामले को फर्जी बताया है और कहा है कि इसमें किसी संगठित गैंग की संलिप्तता नहीं मिली।
केजरीवाल और परिवार की सुरक्षा का उठा था मुद्दा
धमकी में अरविंद केजरीवाल के साथ उनकी बेटी हर्षिता का नाम भी शामिल था। इसके बाद AAP विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस से केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी।
फिलहाल इस मामले में सामने आई जांच संबंधी जानकारी के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर धमकी देने के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं।





