हरियाणा के रोहतक में मिलन होटल पर हुए सनसनीखेज गैंगवार का CCTV वीडियो सामने आया है। फुटेज में पांच हथियारबंद शूटर होटल के अंदर घुसते और हथियार तैयार करते दिखाई दे रहे हैं। हमले में चार लोगों की जान चली गई जबकि गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया बच निकलने में कामयाब रहा। अब इस हत्याकांड में हनीट्रैप और मुखबिरी का एंगल भी सामने आया है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

CCTV में कैद हुए पांच हमलावर
रोहतक के खरावड़ के पास दिल्ली रोड स्थित मिलन होटल में 26 नवंबर की रात हुई गोलीबारी के CCTV फुटेज में पांच हमलावर दिखाई दिए हैं। इनमें दो ने चेहरे ढके हुए थे जबकि तीन के चेहरे स्पष्ट नजर आने की बात सामने आई है। फुटेज में हमलावर होटल के गलियारे में हथियार तैयार करते भी दिख रहे हैं। पुलिस ने DVR अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चार लोगों की हुई थी हत्या
हमले में झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू विनीत और हर्ष की मौत हो गई थी। वहीं बेरी निवासी हिमांशु भी गोलीबारी में मारा गया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों का संभावित निशाना गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया था लेकिन वह मौके से बचकर निकल गया। जान बचाने के लिए ऊपर की मंजिल पर भागे हिमांशु का हमलावरों ने पीछा किया और उसे भी गोली मार दी।
सन्नी की गर्लफ्रेंड पर मुखबिरी का आरोप
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि एक महिला करीब साढ़े तीन महीने से इंस्टाग्राम के जरिए सन्नी के संपर्क में थी। आरोप है कि उसने सन्नी का भरोसा जीतकर उसकी लोकेशन विरोधी गैंग तक पहुंचाई। यह भी दावा किया जा रहा है कि वारदात के बाद महिला हमलावरों के साथ दिल्ली पहुंची और फिर बैंकॉक रवाना हो गई। हालांकि महिला की भूमिका को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस की 10 टीमें जांच में जुटीं
मामले में हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच पुरानी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। रोहतक और झज्जर पुलिस की करीब 10 टीमें छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।





