

करनाल में हुई एक सनसनीखेज हत्या… फिर सिर्फ 27 घंटे बाद पुलिस का बड़ा एक्शन। आधी रात को गोलियां चलीं, पुलिस और बदमाश आमने-सामने आए, और आखिरकार दोनों आरोपियों का एनकाउंटर हो गया। लेकिन इस पूरे मामले के पीछे की कहानी क्या है? आइए बताते हैं।हरियाणा के करनाल में चर्चित वीर वाल्मीकि हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में तलाशे जा रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान मार गिराने का दावा किया है।पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे घोघड़ीपुर नहर के पास बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। आरोप है कि पुलिस टीम को देखते ही दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों को गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने दोनों की पहचान हर्ष और वीरबल के रूप में की है। पुलिस का कहना है कि इन्हीं दोनों पर वीर वाल्मीकि की हत्या का आरोप है, जिनकी कुछ समय पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में एक और बड़ा मोड़ तब आया, जब सोशल मीडिया पर दिनेश भाऊ के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि, इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।हत्या के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और अब मुठभेड़ के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है… क्या इस एनकाउंटर के बाद इस हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा होगा? क्या इस मामले में और भी लोग शामिल थे? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की आगे की जांच से सामने आएंगे।फिलहाल पुलिस के दावे और जांच जारी है। एनकाउंटर और वायरल पोस्ट से जुड़े सभी पहलुओं की आधिकारिक जांच की जा रही है।


