ताइवानी एक्टर और मॉडल चेंग चांग फैन इन दिनों एक भारतीय महिला के साथ वायरल हो रहे वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। दोनों के दोबारा मिलने के वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है। आगे पढ़ें पूरी खबर…

कैसे शुरू हुई कहानी?
दरअसल, साल 2025 में चेंग चांग फैन ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह एक होटल स्टाफ मेंबर को प्यार भरी नजरों से देखते नजर आए थे। महिला ने पारंपरिक आरती और तिलक के साथ उनका स्वागत किया था। दोनों की बातचीत और केमिस्ट्री ने लोगों का ध्यान खींचा था।
एक साल बाद फिर सामने आया वीडियो
अब करीब एक साल बाद चेंग चांग फैन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक और वीडियो शेयर किया। इसमें वह एक भारतीय महिला से दोबारा मिलते और उसे गले लगाते नजर आए। वीडियो के साथ उनके कैप्शन ने सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज कर दीं। हालांकि, यह स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो में नजर आ रही महिला वही होटल स्टाफ मेंबर है।
भारतीय महिलाओं पर लिखी खास बात
चेंग चांग फैन ने इंस्टाग्राम पर एक भारतीय महिला के साथ तस्वीरें भी शेयर की थीं। उन्होंने भारतीय महिलाओं की गर्मजोशी, प्यार और अपनापन को लेकर काफी भावुक अंदाज में लिखा। उनकी इस पोस्ट के बाद भी सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हुईं।
कौन हैं चेंग चांग फैन?
चेंग चांग फैन ताइवान के एक्टर और मॉडल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह ताइपे के रहने वाले हैं और उन्होंने लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स से पढ़ाई की है। वह ताइपे में ‘चेंग एंड मैक एक्सोटिक फ्लोरिस्ट’ के क्रिएटर और मालिक भी हैं।
चेंग चांग फैन ने Dior, Hugo Boss और Burberry जैसे ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग की है। उन्हें 2020 के ड्रामा ‘Craving You’ में ‘क्यान’ के किरदार के लिए जाना जाता है। इसके अलावा उन्होंने 2022 में अपना सोलो सिंगल ‘Ain’t Nothing’ भी रिलीज किया था।
रिश्ता सच है या सिर्फ अटकल?
फिलहाल चेंग चांग फैन और भारतीय महिला ने अपने रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रही डेटिंग की चर्चाएं अभी सिर्फ अटकलों पर आधारित हैं।




