हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारकर फरार होने का मामला अब और गंभीर हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी बताता है, लेकिन अब उसके खिलाफ हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आगे पढ़ें पूरी खबर…

क्या है पूरा मामला?
घटना गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड की है। महिला बाइकर ‘सिया’ अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ राइड पर निकली थीं। आरोप है कि एक सफेद कार काफी देर तक उनका पीछा करती रही। महिला ने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन कुछ देर बाद कार ने उनकी स्पोर्ट्स बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और कार मौके से फरार हो गई। पूरी घटना बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
आरोपी का दावा- “गलती हुई, जानबूझकर नहीं मारी टक्कर”
आरोपी कल्याण बैंसला ने कहा कि टक्कर जानबूझकर नहीं मारी गई। उसका दावा है कि यू-टर्न के पास कार का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। उसने यह भी कहा कि वह इसलिए नहीं रुका क्योंकि उसे डर था कि बाइकर्स उसकी पिटाई कर देंगे।
महिला बाइकर ने दिया करारा जवाब
महिला बाइकर ने आरोपी के दावों को पूरी तरह झूठ बताया। उनका कहना है कि वीडियो साफ दिखाता है कि कार ने पीछा किया और फिर जानबूझकर बाइक में टक्कर मारी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह सिर्फ हादसा था तो आरोपी मौके पर रुककर मदद क्यों नहीं करता।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
वायरल वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी पर हत्या की कोशिश की धारा भी जोड़ दी गई और उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच जारी है।





