हरियाणा के फरीदाबाद में एक सॉफ्टवेयर कंपनी के COO परमजीत धनखड़ की हत्या के मामले में नए CCTV फुटेज ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। फुटेज में आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा पहले घर पहुंचता दिखाई देता है और फिर कुछ देर बाद पिस्टल लेकर नीचे आता है। बेटे के सामने हुई इस वारदात में घायल परमजीत ने आखिरी दम तक आरोपी का मुकाबला किया। आगे पढ़ें पूरी खबर।
डांस करते घर पहुंचा और फिर पिस्टल लेकर लौटा
फरीदाबाद के सेक्टर 21C में रहने वाले 45 वर्षीय परमजीत धनखड़ की हत्या के मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा पहले डांस करते हुए अपने घर पहुंचा था। करीब पांच मिनट बाद वह पिस्टल और मैगजीन लेकर नीचे आया।
आरोप है कि उसने परमजीत को पार्किंग के बहाने बातचीत के लिए बुलाया। दोनों के बीच करीब दो से तीन मिनट तक बातचीत हुई और इसके बाद आरोपी ने अपनी जेब से पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने के बाद भी आरोपी से भिड़ गए परमजीत
CCTV फुटेज में परमजीत पर गोली चलने के बाद भी उनके हिम्मत से मुकाबला करने का घटनाक्रम सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक घायल होने के बावजूद उन्होंने आरोपी को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी की पिस्टल की मैगजीन खाली हो गई। इसके बाद उसने दोबारा मैगजीन लोड की और परमजीत पर फिर से गोलियां चलाईं। वह घायल हालत में सोसाइटी के मुख्य गेट तक पहुंचे लेकिन आरोपी ने वहां भी उनका पीछा किया और फायरिंग की।
आरोपी ने जाते समय दी परिवार को धमकी
रिपोर्ट्स के मुताबिक फायरिंग के बाद आरोपी ने कथित तौर पर वहां मौजूद महिलाओं को अपमानजनक टिप्पणी की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस की जांच में दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी और परमजीत के परिवार के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी। इससे पहले पुलिस चौकी में हुई मारपीट और कथित बेइज्जती को भी इस वारदात की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
पुलिस ने बरामद की आरोपी की XUV और खून से सनी टीशर्ट
पुलिस ने इस मामले में आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर NCR क्षेत्र से उसकी XUV गाड़ी और खून से सनी टीशर्ट बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
वारदात के बाद परमजीत के परिवार को सुरक्षा भी मुहैया कराई गई है। पुलिस CCTV फुटेज और बरामद सामान को जांच का हिस्सा बनाकर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।
कौन थे परमजीत धनखड़
परमजीत धनखड़ 45 वर्ष के थे और एक सॉफ्टवेयर कंपनी में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। वह पहले टेक महिंद्रा में एशिया पैसिफिक क्षेत्र के वरिष्ठ पद पर भी काम कर चुके थे। वह परिवार से मिलने और एक शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद आए हुए थे।







