उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। इस बार विवाद के केंद्र में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद हैं। सपा ने बातचीत के बीच पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं जिससे कांग्रेस खेमे में नाराजगी है। इमरान मसूद ने भी खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। हालांकि इस विवाद की जड़ें केवल सीटों तक सीमित नहीं हैं बल्कि इसके पीछे पुरानी सियासी खींचतान भी बताई जा रही है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

सहारनपुर की सीटों पर फंसा गठबंधन का पेंच
सपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची में पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा कैराना से नाहिद हसन अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है।
सहारनपुर की सीटों को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की आपत्ति सामने आई है। कांग्रेस इस जिले की कई सीटों पर अपनी दावेदारी जता रही थी। ऐसे में सपा की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने को कांग्रेस ने सीट बंटवारे की बातचीत के बीच एकतरफा कदम माना है।
इमरान मसूद बोले हम भिखारी नहीं हैं
सपा के फैसले पर इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर बातचीत के दौरान ही उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने हैं तो गठबंधन की चर्चा का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भिखारी नहीं है और पार्टी अपने सम्मान के साथ समझौता नहीं करेगी।
मसूद ने यह सवाल भी उठाया कि सपा की लड़ाई BJP से है या कांग्रेस और उनसे है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर आगे क्या फैसला लेना है यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा।
20 साल पुरानी सियासी खींचतान की कहानी
अखिलेश यादव और इमरान मसूद के बीच मतभेदों की पृष्ठभूमि वर्ष 2007 तक जाती है। इमरान मसूद ने उस समय समाजवादी पार्टी से विधानसभा टिकट की उम्मीद की थी लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। इसके बाद उनकी सियासी राह अलग हो गई।
इमरान मसूद ने बाद में कांग्रेस का दामन थामा और 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद बसपा में चले गए। हालांकि वहां से निकाले जाने के बाद उन्होंने फिर कांग्रेस में वापसी की। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन के तहत सहारनपुर सीट कांग्रेस को मिली और इमरान मसूद सांसद बने।
परिवार तक पहुंची सियासी खींचतान
इस विवाद का एक पहलू इमरान मसूद के परिवार से भी जुड़ा है। अगस्त 2026 में उनके दामाद शायान मसूद और शायान के पिता शाजान मसूद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।
इस घटनाक्रम को सहारनपुर में इमरान मसूद के राजनीतिक प्रभाव से जोड़कर देखा गया। अब सपा ने उन्हीं के प्रभाव वाले इलाके की सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जिससे दोनों नेताओं के बीच पुरानी खींचतान फिर चर्चा में आ गई है।
सपा ने सीटों को लेकर अपना पक्ष रखा
समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा को जीत की संभावना और मौजूदा विधायकों की सीटों से जोड़कर देखा जा रहा है। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता चुनाव जीतना है और जहां उसके मौजूदा विधायक मजबूत स्थिति में हैं वहां सीट छोड़ने का सवाल नहीं उठता।
वहीं सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस की मांग और सपा के प्रस्ताव में बड़ा अंतर बताया जा रहा है। सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है जबकि कांग्रेस की ओर से करीब 110 सीटों की मांग रखे जाने की खबर है।
गठबंधन पर आगे क्या होगा
सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत के कई दौर हो चुके हैं लेकिन अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस इस मुद्दे को पार्टी हाईकमान के सामने उठाने की तैयारी में है जबकि सपा की ओर से बातचीत जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने गठबंधन में मतभेद की खबरों को निराधार बताया है। ऐसे में अब निगाहें दोनों दलों की अगली बैठक और सीट बंटवारे पर होने वाले फैसले पर टिकी हैं।





