उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात का आखिरकार पुलिस एनकाउंटर के साथ अंत हुआ। पत्नी और पूजा कराने आए दो पंडितों की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। इस दौरान आरोपी ने अपने बेटे को भी गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। करीब आठ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने आरोपी को ढेर कर दिया।आगे पढ़ें पूरी खबर

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में घर में पूजा चल रही थी। इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और पूजा कराने आए पंडितों से आधार कार्ड मांगने लगा। बात बढ़ने पर उसने लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी और दो पंडितों की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चों को बनाया बंधक, फिर चली गोली
वारदात के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों को लेकर कमरे में बंद हो गया। पुलिस और प्रशासन की टीम कई घंटों तक उसे समझाने की कोशिश करती रही। इसी दौरान कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने बेटे को भी गोली मार दी, जबकि दो अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस एनकाउंटर में हुआ ढेर
पुलिस ने जब कमरे में प्रवेश किया तो आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। बेटे की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हथियार बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और आरोपी की मानसिक स्थिति सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






